औरैया। जिले में उद्योग स्थापित न होने का खामियाजा शिक्षित बेरोजगारों को भुगतना पड़ रहा है। सरकारी नौकरी में काफी समय से नियुक्तियां न होने और जिले में प्राइवेट फैक्टरियों का अभाव युवाओं के रोजगार से जुड़ने की उम्मीद पर पानी फेर रहा है। रोजगार की चाह में युवाओं की ओर से कइयों आवेदन पर हजारों रुपये खर्च कर इंटरव्यू तक पहुंचे भी, लेकिन कंपनियों की अपेक्षा के अनुरूप काबिलियत न हो पाने का दंश युवाओं को झेलना पड़ रहा है। जनपद में अभी भी 28032 बेरोजगारों ऐसे हैं जिन्हें नौकरी की उम्मीद है।
युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय अहम भूमिका निभाता आ रहा है। विभाग के पोर्टल पर कुल पंजीकृत बेरोजगार युवक और युवतियों की संख्या कुल 31203 जा पहुंची है। विभाग जिले के शत प्रतिशत बेरोजगारों को रोजगार दिलाने में नाकाम साबित रहा।
बता दें कि सेवायोजन कार्यालय की ओर से वर्ष 2023-24 में लगे रोजगार मेला में 3171 बेरोजगारों को नौकरी दिला दी गईं। जबकि, आज भी पोर्टल पर बेरोजगारों की संख्या में कमी देखने को नहीं मिली है। इसकी हकीकत जानने के लिए सेवा योजना कार्यालय की ओर से आयोजित कराए गए रोजगार मेलों पर नजर डालें तो वर्ष 2021-22 में आयोजित छह रोजगार मेलों में 309, 2022-23 में आयोजित 20 मेलों में 1252 और 2023-24 में आयोजित मेलों में 3171 युवाओं को नौकरी प्रदान की गई।
पोर्टल पर 2021-22 में 30567 बेरोजगार पंजीकृत थे, जो 2022-23 में बढ़कर 30630 और वर्ष 2023-24 में बढ़कर इनकी संख्या 31203 जा पहुंची है। प्रतिवर्ष 2000 से 2400 के बीच बेरोजगारों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। वर्ष 2024-25 में अब तक 1380 बेरोजगार युवक पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। अप्रैल से अब तक आयोजित हुए रोजगार मेलों में 500 युवाओं को विभिन्न कंपनियों ने नौकरी के लिए चयनित किया है। संवाद
-
बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के लिए समय-समय रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। युवाओं को उनकी पसंद की नौकरी दिलाने के लिए प्रयास जारी है। इसके लिए हर बार नई कंपनियों के अधिकारी बुलाए जाते हैं। नौकरी दिलाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल की शुरूआत हो चुकी है। कंपनियां सीधे युवाओं को नौकरी के लिए ऑफर करेंगी।
- आशीष शुभम चौधरी, जिला सेवायोजन अधिकारी
-
कुल पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या - 31203
वर्ष 2023-24 में नौकरी पाने वाले युवा - 3171
वर्ष 2023-24 में आयोजित रोजगार मेला - 26
वर्ष 2024-25 में आयोजित मेलों की संख्या - 06
वर्ष 2024-25 में रोजगार पाने वाले युवाओं की संख्या - 500
फोटो09एयूआरपी 28- प्रियांशु
सरकारी नौकरी पाने के लिए हर बार आवेदन कर रहे हैं। पुलिस भर्ती के लिए भी आवेदन किया। एक बार आवेदन करने में 500 से 1500 के बीच रुपये खर्च होते हैं। प्राइवेट नौकरी योग्यता के अनुसार पाने के लिए भी प्रयास जारी है। - प्रियांशु
फोटो09एयूआरपी 29- रितिक
निजी कंपनियों में युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार वेतन नहीं दिया जाता है। कम वेतन पर दिल्ली जैसे शहरों में नौकरी दी जाती है। यही कारण है कि जनपद से युवा अन्य जनपदों में नहीं जाते हैं। जनपद में उद्योग स्थापित होने चाहिए। इससे बेरोजगार युवाओं को जिले में ही नौकरी मिल सके।- रितिक