औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय फेरी मजदूर सौरभ की मौत हो गई। वह अपने घर के लिए खाना लेने होटल जा रहा था। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
शहर के मोहल्ला नारायनपुर निवासी सौरभ (22) शहर व गांव-गांव में फेरी लगाता था और पूरे घर का खर्चा चलाता था। परिजन के अनुसार, वह रविवार रात गलत दिशा में होटल जा रहा था। सांई मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर देवकली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल सौरभ को जिला अस्पताल ले गई, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सौरभ अपने दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर से परिजन बिलख पड़े। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।