सहार। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात अज्ञात वाहन ने घर जाते समय मजदूर को टक्कर मार दी। घायल को सीएचसी ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर थाना व परिजन मौके पर पहुंचे।
गांव बदरियापुर निवासी जगदीश अली (55) मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम मजदूरी करने के बाद पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से जगदीश उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जब जगदीश को लहूलुहान हालत में देखा तो तुरंत उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को सीएचसी ले गए। वहां तैनात डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के चार बेटियां और दो बेटे हैं। परिजनों ने बताया कि दो बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। पिता की अचानक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात वाहन की पहचान कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।