औरैया। राजकीय स्कूलों में कक्ष आठ तक के बच्चों को मिडडे मील की सुविधा बेहतर बनाने के लिए रसोई घर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिले के 10 राजकीय स्कूलों का इसके लिए चयन किया गया है। 80 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजा गया है।
राजकीय स्कूलों में मिड डे मील की सुविधा को बेहतर बनाने का खाका डीआईओएस कार्यालय ने तैयार किया है। इसके लिए जीजीआईसी दिबियापुर समेत 10 स्कूलों को चुना गया है। इन स्कूलों में मिड डे मील बनाने के लिए रसोईघर बनेगा। इसके साथ ही भंडार ग्रह बनाया जाएगा। बच्चों को भोजन परोसने के लिए टिनशेड बनाया जाएगा। प्रत्येक स्कूल पर इसे लेकर आठ लाख की धनराशि खर्च की जाएगी।
अभी तक राजकीय स्कूलों में यह काम कक्षाओं के भवनों में चल रहा है। इसे अब व्यवस्थित किया जाएगा। डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्या ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा।