आग से किचिन में रखा सारा सामान हुआ राख। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर में आवास विकास परिषद स्थित एक घर में खाना बनाते वक्त लीकेज सिलिंडर ने आग पकड़ ली। घर वाले कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। परिजनों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
आवास विकास परिषद निवासी मनोज अग्निहोत्री के नाती अयांश का रविवार को जन्मदिन होने पर तैयारियां चल रही थीं। मनोज की पत्नी साधना अपनी पुत्रियों के साथ खाना बना रहीं थीं। तभी रविवार दोपहर डेढ़ बजे अचानक सिलिंडर ने लीकेज होने पर आग पकड़ ली।
अचानक आग लगने पर किचन में मौजूद साधना व उनकी पुत्रियां बाहर की तरफ चिल्लाते हुए भागीं। इस दौरान घर में मौजूद अन्य लोग भी आग लगते देख घर के बाहर भागे। अचानक शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और जहां लोगों ने आग पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग भड़क गई।
देखते ही देखते आग ने किचन में रखा सारा सामान अपने आगोश में ले लिया। आग भड़कते देख परिजनों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर पानी डालकर आधा घंटे में आग बुझा ली, लेकिन तब तक किचन में लगा कूलर, भगवान का मंदिर, फ्रिज आदि सारा सामान जलकर राख हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आग बुझा ली है। घर के सभी लोग सुरक्षित हैं।
आग लगी देख घर के बाहर जमा लोगों की भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद- फोटो : AURAIYA