पेटी पलटते ग्रामीण एवं आक्रोशित महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
गांव के बाहर खोखे में शराब की पेटियां रखवाए जाने से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन किया। खोखे को खंदक में पलट दिया और शराब की पेटियों को तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बची शराब की पेटियों को ट्रैक्टर से दूसरी जगह भेजा दिया। पुलिस ने गांव के अंदर ठेका नहीं खुलने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
शराब की दुकानें गांव के अंदर खोले जाने से महिलाओं में आक्रोश है। दरअसल, हाईवे से ठेके को हटाने के फरमान के चलते शराब व्यापारी कस्बों और गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके विरोध में महिलाएं और ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम हाईवे किनारे स्थित शराब की दुकानों के हटने के बाद ठेकेदार अनंतराम में दुकान बनवा रहे थे।
इसकी जानकारी कस्बे की महिलाओें को लगी तो दो दिन पहले महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन दुकान र्की इंटें उखाड़कर फेंक दीं। रविवार को शराब व्यापारी ने चांदूपुर गांव में खोखा बनवाकर शराब की पेटियां रखवाईं। इसी दौरान ककरैया, चांदूपुर, गंगदासपुर आदि गांवों की महिलाएं वहां पहुंच गईं। इन्होंने खोखे को खंदक में पलट दिया।
साथ ही तोड़फोड़ कर शराब की पेटियां क्षतिग्रस्त कर दीं। सूचना पर पहुंची अजीतमल कोतवाली पुलिस के एसआई राममनोज द्विवेदी ने आक्रोशित महिलाओं को समझाबुझाकर पेटी को ट्रैक्टर में लदवाकर अन्यत्र पहुंचाकर मामला शांत कराया।