हादसे में आठ स्कूली बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को वैन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद चालक वैन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कमलपुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी वैन
जानकारी के अनुसार, राजपुर कस्बे के थाना मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल की वैन सोमवार सुबह करीब पौने आठ बजे कमलपुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही वैन जैनपुर गांव (अटल नगर) के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
हादसे में आठ बच्चे घायल, तीन को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे में कमलपुर निवासी आदित्य (9), अदिति (11) व दीप्ति (10) और सट्टी निवासी नैन्सी (9), अयांश (6), दिव्यांश (4), जाह्नवी (4) तथा कन्हैया पाल (8) घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सिर में गंभीर चोट होने के कारण कन्हैया पाल के परिजन उसे अकबरपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहीं, पीएचसी के डॉक्टर मनोज सर्राफ ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अदिति, नैन्सी और अयांश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वैन में ठूंस-ठूंस कर भरे थे 19 बच्चे, चालक फरार
बताया जा रहा है कि हादसे का मुख्य कारण वैन की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग थी। क्षमता से अधिक करीब 19 बच्चों को वैन में बैठाया गया था। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए वैन चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।