औरैया। ककोर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों की समस्या अब दूर होने जा रही है। ककोर-सल्हापुर मार्ग से कुदर्रा तक सड़क की मरम्मत कराए जाने के लिए 8.80 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
सड़क की हालत खराब होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को काफी समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग ककोर मुख्यालय को सल्हापुर, कुदर्रा समेत कई गांवों से जोड़ता है। सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन वाहन फंस जाते थे और पैदल चलने वालों को भी कठिनाई होती थी। विशेष रूप से बारिश के मौसम में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता था, इससे ग्रामीणों का संपर्क मुख्य मार्गों से लगभग टूट जाता था।
इस सड़क के मरम्मत कार्य से ककोर, सल्हापुर, कुदर्रा के अलावा चिरैयापुर, दिलीपपुर, बरौली, बड़ागांव, नगला भूप, नगला रामदीन, रामपुर खास, टिकरी और आसपास के कई छोटे-छोटे मजरे और बस्तियां सीधे तौर पर लाभांवित होंगी। इन गांवों की लगभग आठ हजार की आबादी को आवागमन के लिए यही प्रमुख मार्ग उपलब्ध है।
यह मार्ग किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के किसान इसी रास्ते के माध्यम से अपनी फसलें मंडी तक पहुंचाते हैं। मरम्मत के बाद किसानों को फसल ले जाने में सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी। वहीं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, मरीजों और दैनिक कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।