औरैया। अटसू स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आज रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 18 कंपनियां हिस्सा लेंगी। अलग-अलग ट्रेड से लेकर दक्षता के आधार पर साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं को नौकरी के ऑफर दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने के लिए जिला प्रशासन ने 13 जुलाई को रोजगार मेले की रूपरेखा बनाई है। सोमवार को इस अवसर पर जनपद स्तर पर आयोजित होने जा रहे रोजगार मेले में नामचीन 18 कंपनियों को बुलाया गया है। इन कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं को नौकरी के ऑफर देंगे।
कौशल विकास मिशन के जिला कौशल प्रबंधक अतुल सिंह ने बताया कि इसमें कौशल विकास केंद्रों व आईटीआई के प्रशिक्षित युवाओं व अन्य प्रतिभागियों को नौकरी का मौका दिया जाएगा। 18 विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के द्वारा रोजगार के अवसर दिए जाएंगें। सुबह 10 बजे से ही इच्छुक युवा जरूरी कागजों के साथ मेले में पहुंचें।