बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा रुरुगंज में एक युवक के गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रुरुगंज निवासी हर्ष सोनी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी सोने-चांदी के आभूषण की दुकान है। पड़ोस में रहने वाला एक युवक उससे रंजिश रखता है। सोमवार दोपहर लगभग 1ः35 बजे पड़ोसी युवक ने उसकी मां से गाली-गलौज करते हुए धमकी देना शुरू कर दिया।
वहीं, पुर्वा पीताराम निवासी ताले सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर वह मजदूरी करके लौट रहा था, तभी एक युवक ने उसे रोककर गाली-गलौज की। एक ही जगह हुईं दोनों घटनाओं का वीडियो वायरल हो गया। संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि दो अलग-अलग लोगों ने शिकायती पत्र दिया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)