औरैया। बिधूना तहसील क्षेत्र के रुरुगंज गांव में पड़ोसियों के जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद भी पड़ोसी जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे हैं।
रुरुगंज निवासी हरीशंकर ने ककोर स्थित कार्यालय में एसपी सुनीति को शिकायती पत्र देकर कहा कि उसके पड़ोसी उसकी पुर्वा पीताराम स्थित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। हरी शंकर ने बताया कि उसने जमीन को लेकर एक वाद सिविल जज जूनियर डिविजन बिधूना में दर्ज कराया है। न्यायालय ने आठ फरवरी 2019 को फैसला आने तक दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था, लेकिन आरोपियों ने 24 जनवरी को उसकी जमीन पर अस्थायी कब्जा कर लिया है। शिकायत के बाद भी रुरुगंज चौकी प्रभारी और एएसपी ने कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पड़ोसी अनुसूचित जाति के हैं और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने पीड़ित को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।