कंचौसी। सिंचाई विभाग की लापरवाही से सूखमपुर माइनर की भूमि पर अवैध खनन कर भूमाफिया ने माइनर की पटरी अवरुद्ध कर दी थी। इससे पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा था। इसकी अमर उजाला में खबर प्रकाशित की गई। इसका असर यह हुआ कि सिंचाई विभाग ने माइनर को साफ करा दिया।
कंचौसी व पुरवा महिपाल के किसान आशाराम, रामसिंह, बीर सिंह व शिवम कुमार आदि ने आरोप लगाया था कि माइनर और नहर की पटरी को खनन माफिया ने बर्बाद कर दिया। रातोंरात मिट्टी लदे वाहन निकालने के लिए माफिया ने माइनर को मिट्टी डाल कर पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पानी का बहाव भी रुका हुआ था और पानी खेतों में भर रहा था।
इसको लेकर किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया था। इसकी 10 मई को खबर छपने के बाद सिंचाई विभाग की नींद खुली और बंद माइनर को खोला गया। इससे किसानों व राहगीरों ने राहत महसूस की है। (संवाद)