एक ही गांव के दो सपा नेताओं में वर्चस्व को लेकर बहेरे वाली पुलिया के पास बिधूना रोड पर फायरिंग हुई। इस दौरान एक पक्ष ने मोटरसाइकिल की टंकी में गोली मार दी, इससे आग लग गई, जबकि कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस से उलझने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से ब्लाक प्रमुख भाग्यनगर समेत 15 नामदर्ज एवं 30-40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।
सोमवार दोपहर में सपा के जिला सचिव ग्राम बैसुंधरा निवासी बैकुंठ यादव के छोटे भाई सत्यनारायण यादव का गांव के ही सपा छात्र नेता गौरव यादव से किसी बात को लेकर फफूंद चौराहे के पास विवाद एवं मारपीट हो गई। गौरव यादव एवं उनके साथी बहेरे वाली पुलिया के पास बिधूना रोड पर जाकर बैठ गए। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी बिधूना रोड पर पहुंच गए।
उपनिरीक्षक राजवीर सिंह के अनुसार पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। परंतु दोनों ही पक्ष आपस में निबटने का ऐलान कर रहे थे। आनन फानन में अतिरिक्त पुलिस फोर्स उपलब्ध बुलाया गया। इस बीच नहर बाजार में फायरिंग की गई।
मौके पर खड़ी गौरव यादव की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं एक बाइक को गौरव यादव की समझकर टंकी में गोली मारी गई, जिससे उसमें आग लग गई। मोटरसाइकिल में लगी आग को लोगों ने बुझाया।
एक पक्ष के गौरव यादव, राजवीर यादव, सुखवीर यादव निवासी बैसुंधरा, विपिन यादव, रजत यादव निवासी दुर्गानगर दिबियापुर, प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू निवासी दूल्हाराय का पुर्वा, चंद्रभान उर्फ गु़ड्डू व शेरा निवासी लहोखर
दूसरे पक्ष से सपा के जिला सचिव वैकुंठ यादव, उनके भाई सत्यनारायण यादव, ब्लाक प्रमुख भाग्यनगर विनय यादव एवं 30-40 अन्य के खिलाफ लाइसेंसी एवं अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पुलिस पार्टी पर हमलावर होकर गाली गलौज करना।
जान से मारने की धमकी देने एवं सरकारी कार्य में वाधा का मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस का कहना है कि विपिन यादव, रजत यादव एवं प्रमोद उर्फ पप्पू को पकड़ लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।