औरैया। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक परीक्षाओं से वंचित रह गए विद्यार्थी अब 17 से 20 मई के बीच परीक्षाएं दे सकेंगे। इसके बाद फिर अवसर नहीं दिया जाएगा। इस आदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने जारी कर दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि 20 अप्रैल से चार मई के बीच दो चरणों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई गई थीं। इसके बावजूद कुछ परीक्षार्थियों की परीक्षाएं छूट गईं थीं। इसकी सूचना संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने परिषद के पोर्टल पर अपलोड कराई थीं। ऐसे छूटे विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं अब 17 से 20 मई के बीच कराई जाएंगी।
संबंधित विद्यार्थी अपने विद्यालयों के प्रधानाचार्य से संपर्क कर निर्धारित तिथियों के बीच प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा संबंधी सभी सूचना व प्रयोगात्मक परीक्षकों के नियुुक्ति पत्र आदि संबंधित विद्यालयों के पोर्टल पर अपलोड करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए यह अंतिम अवसर है। इसके बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।