कुदरकोट। इंसुलेटर में खराबी होने से मंगलवार रात दो बजे के करीब कस्बे व आसपास के 12 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 10 घंटे बाद इंसुलेटर सही कराने के बाद आपूर्ति चालू कराई जा सकी। कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र कुदरकोट से संबंधित 33 केवीए फीडर में मंगलवार की रात कई स्थानों पर इंसुलेटर खराब हो जाने से बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। इसमें गांव अलाईनगर, मानी कोठी, मुरादपुर, वल्लपुर राजपुर, वैवाह, बीबीपुर, आरमपुर आदि गांव शामिल हैं। सुबह जब आपूर्ति बंद होने की जानकारी हुई तो बिजली निगम की टीम ने काम शुरू कराया। दोपहर 12 बजे आपूर्ति चालू कराई जा सकी।
अवर अभियंता मोहित रस्तोगी ने बताया कि 33 केवीए लाइन में लगे इंसुलेटर कोहरे की वजह से जगह-जगह क्रैक हो गए थे। उन्हें सही कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है। (संवाद)