फोटो-29-नई प्रतिमा रखने से पहले की जाती प्राण प्रतिष्ठा। स्रोत : ग्रामीण
- फोटो : 1
अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गांव एमा पैगंबरपुर मिलक में माता दुर्गा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से हुआ तनाव रविवार को समाप्त हो गया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ मंदिर में नई प्रतिमा स्थापित की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
शनिवार को मंदिर में प्रतिमा खंडित पाए जाने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया था। रविवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में ग्रामीणों ने सामूहिक हवन-पूजन का आयोजन किया। मंत्रोच्चार के बीच नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। वहीं, खंडित प्रतिमा को पूरे सम्मान के साथ जुहीखा घाट पचनद में विसर्जित कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि गांव में स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और शांति है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि प्रतिमा कैसे क्षतिग्रस्त हुई। (संवाद)