आंगनबाड़ी केंद्र में शौचालय न होने पर शौच के लिए तालाब किनारे गया मासूम उसमें गिर गया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टरों के मुताबिक मासूम खतरे से बाहर है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खेतूपुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। केंद्र के बच्चे प्राथमिक स्कूल का ही शौचालय प्रयोग करते हैं। बुधवार को खेतूपुर गांव के प्रमोद दोहरे का चार वर्षीय पुत्र छोटू आंगनबाड़ी केंद्र पर पढ़ने गया था। स्कूल का शौचालय बंद होने पर उसे तालाब किनारे जाना पड़ा। इसी दौरान वह तालाब में गिर गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। ग्रामीण जमा हो गए। कुछ ग्रामीणों ने उसे तालाब में कूदकर बचाया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मासूम को बेहोशी हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।