संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना (औरैया)।
छुट्टी के बाद स्कूल से घर जा रही छात्रा को बाइक सवार युवक ने बिधूना किशनी मार्ग पर संजीवनी हॉस्पिटल के समीप टक्कर मार दी। सुचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने छात्रा को चिंताजनक हालत में सैफई रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनपुर निवासी कमल सिंह पाल की 10 वर्षीय पुत्री आस्था बिधूना-एरवाकटरा मार्ग स्थित ओचिरटल स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी। स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर दो बजे पैदल घर जा रही थी। जैसे ही वह आदर्श नगर किशनी रोड स्थित धान मील मोहल्ला के सामने पहुंची थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसको टक्कर मार दी। हादसा देख आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साथ ही मासूम को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मासूम की हालत नाजुक देख सैफई रेफर कर दिया।
परिजन मासूम को लेकर सैफई पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन मासूम का शव लेकर सीएचसी बिधूना पहुंचे। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी सत्य प्रकाश पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। जहां परिजनों की ओर से बाइक सवार पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि बाइक सवार को जल्द ही पकड़ा जाएगा और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
=
10 साल बाद दूसरी संतान होने की खुशी 16 वें दिन मातम में बदली
बिधूना। बदनपुर निवासी कमल सिंह पाल बिधूना कस्बा स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। प्रत्यक्षदर्शियों व पुलिस के अनुसार हादसे के दौरान छात्रा का पिता घटनास्थल से महज कुछ दूरी पर ही था। भीड़ इकट्ठा होने पर वह भी वहां देखने पहुंच गया। जहां बेटी का लहूलुहान चेहरा देख वह उसे पहचान न सका और वापस मुड़कर लौटने लगा। तभी भीड़ में मौजूद लोगों में उसकी बेटी होने की चर्चा कानों में पड़ी, तो वह चौंकते हुए पलटा। जैसे ही उसकी नजर घायल पड़ी बेटी पर पड़ी, वह दहाड़ें मार कर चीख उठा। पिता ने बताया कि बीती 20 सितंबर को उसकी पत्नी विनीता ने मैनपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। इस पर घर में खुशी का माहौल था। 28 सितंबर को पत्नी विनीता प्रसव के दौरान हुए ऑपरेशन के टांके कटवाने के लिए मैनपुरी के चड़रौआ स्थित अपने मायके गई थी।