औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव पीतांबरपुर में गुरुवार दोपहर एक पांच वर्षीय मासूम बच्चों के साथ खेलने के दौरान तालाब में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने परिजनों को बुलाया। इसके बाद बालक को तालाब से बाहर निकाला गया। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के पीतांबरपुर गांव में अपने मां के साथ ननिहाल आए कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाने के गांव गोपालपुर निवासी तेजस खेलते समय घर के पास बने तालाब में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने उसके परिजनों को सूचना दी। किसी तरह से उसे तालाब से बाहर निकाल कर परिजन उसे सीएचसी दिबियापुर लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने मना कर दिया। दिबियापुर थाना प्रभारी मुकेश चौहान ने बताया की तालाब में डूबने से मासूम बच्चे की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।(संवाद)