फोटो-9-एंबुलेंस कर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण देते ट्रेनर रोहित चंद्रा, साथ में शोएब। संवाद
दिबियापुर। जिले में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से सीएचसी स्थित 50 शैय्या मातृ एवं शिशु अस्पताल में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण चल रहा है। शुक्रवार को लखनऊ से आए ट्रेनर रोहित चंद्रा ने 8वें बैच को सीपीआर का पाठ पढ़ाया। मरीज की ज्यादा हालत खराब होने पर उन्हें सीपीआर देकर जान बचाने की जानकारी दी। एंबुलेंस में इमरजेंसी दवा रखने और नवजात शिशु प्रबंधन के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।
एंबुलेंस कर्मियों को बताया गया कि पीठ के बल शिशु को लिटाकर छाती के बीच दो उंगलियों से 30 बार दबाव देना और फिर दो बार कृत्रिम श्वांस देना चाहिए। इसके अतिरिक्त एंबुलेंस में शिशु के परिवहन के दौरान उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त बाल संयम प्रणाली का उपयोग करने और स्थिति पर लगातार नजर रखने का प्रशिक्षण भी दिया गया। बताया गया कि शिशु को पीठ के बल किसी ठोस सतह पर रखें। इस दौरान ट्रेनर मोहम्मद शोएब भी उपस्थित रहे।