कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों ने जांच की संख्या बढ़ा दी है।
जनपद में कोरोना संक्रमण अप्रैल माह में तेजी से फैला। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 29 अप्रैल तक जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 7666 जा पहुंची है।
इसमें एक्टिव केस 2168 हो गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आने वाले और परिजनों के सैंपलों की संख्या में बढ़ोतरी की।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना होगा। दो गज की दूरी बनाकर लोगों से रखनी होगी।
बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आरटीपीसीआर और एंटीजन के सैंपल लिए जा रहे है। संक्रमण को देखते हुए सैंपलों की संख्या प्रतिदिन एक हजार से अधिक हो रही है।