मौके पर जानकारी करते प्रभारी एसपी पंकज व मौजूद कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा
- फोटो : Amar ujala
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खिड़की साहबराय में एक बंद पड़े बाड़े के कमरे के पीछे से पुलिस ने एक युवक का क्षत विक्षत शव जमीन से खोदकर बरामद किया है। काफी दिनों से जमीन में दबे होने के कारण शव बुरी तरह से गल गया है। इससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं सूचना पर पहुंचे प्रभारी एसपी ने घटना की जानकारी की। वहीं फारेंसिक टीम भी पड़ताल के लिए घटना स्थल पर पहुुंच गई थी। कोतवाली पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
शहर के मोहल्ला खिड़की साहबराय में सभासद/व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश बाजपेई उर्फ बबलू पुत्र डा.रामबाबू बाजपेई के बाड़े में पिछले डेढ़ साल से ग्राम चपटा निवासी रामदास अपनी पत्नी मीरा व बच्चे नीतू (16), कंचन (8) के साथ रहता था। मोहल्ले के लोगों ने बताया जिसमें रामदास मजदूरी करता था तथा उसकी पत्नी मीरा घरों में बर्तन साफ करने का काम करती है। लगभग एक सप्ताह पहले ही उक्त परिवार यहां से चला गया। तब से बाड़ा के मुख्य गेट पर ताला पड़ा हुआ था।
शुक्रवार को मोहल्ल वालों ने तेज उठती सडांध से परेशान होकर बाड़ा मालिक राजेश उर्फ बबलू बाजपेई को खबर दी। खबर मिलने पर मौके पर पहुंचे बबलू बाजपेई ने जब गेट का ताला तुड़वाकर अंदर देखा तो वहां सडांध तो फैली थी लेकिन कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। तभी कुछ लोगों की नजर कमरे के पीछे भारी संख्या में पड़ी ईटों के नीचे से बाल दिखाई दिए। जिस पर नजदीक जाकर देखा तो किसी के दबे होने का शक हुआ। इस पर राजेश बाजपेई ने कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे अखिलेश मिश्रा ने मौके पर जाकर देखा तो उन्हें भी किसी के दबे होने का अंदेशा लगा। इस पर कुछ लोगों को लगाकर वहां खुदाई कराई गई। जिस पर वहां से एक युवक का शव बरामद हुआ।
आशंका है कि युवक का शरीर कई दिनों से ईटों के नीचे मिट्टी में दबे होने के कारण बुरी तरह से गल गया था। जिसके कारण जबरजस्त सडांध फैली हुई थी। वहीं सूचना मिलने पर पहुंचे प्रभारी एसपी पंकज ने घटना की जानकारी की। वहीं फारेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुला लिया गया था। जिस पर टीम ने जांच शुरु कर दी थी। वहीं घटना स्थल पर बने कमरे में मजदूर का सारा सामान भरा हुआ है। वहीं मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने रामदास की पत्नी को बच्चों सहित कहीं जाते देखा है।
लेकिन उस दौरान रामदास उनके साथ जाते हुए नहीं मिला। आशंका है कि कहीं उसकी पत्नी ने ही उसकी हत्या कर शव को ईटों में दबाकर भाग गई हो। वहीं मौके पर पुलिस ने एक खुर्पी व एक गड़ासा भी बरामद किया है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि बरामद शव देखने में पुरुष का लग रहा है। लेकिन शव का पोस्टमार्टम होने के बाद डाक्टर की रिपोर्ट से ही स्पष्ट रुप से पता लग सकेगा कि महिला का शव है या पुरुष का। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तलाश कराई जा रही है।