लो-वोल्टेज से बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज में मशीन के कंट्रोल कार्ड जल गए। इसके कारण पूरे दिन शहर की संचार सेवा ठप रही। लीज लाइनें बंद होने से अधिकांश बैंकों में काम काज नहीं हो सका। एलआईसी कार्यालय में भी कंप्यूटर बंद रहे। खास बात यह है कि एक साल पहले एक्सचेंज के बैटरी बैकअप के लिए मेरठ कार्यालय को भेजा गया प्रस्ताव आज तक पास न होने से एक्सचेंज समस्याओं के दौर से गुजर रहा है। इसके बावजूद अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे टेलीफोन एक्सचेंज की मशीन के दो मुख्य कंट्रोल कार्ड जल गए। इससे शहर की टेलीफोन सेवा पूरी तरह से बाधित हो गई। संचार सेवा ठप होने से बीएसएनएल सेवा से जुड़े अधिकांश बैंकों के अलावा एलआईसी, सभी सरकारी कार्यालयों का काम काज पूरे दिन नहीं हो सका। इससे लाखों रुपये की क्लीयरिंग ठप रही। एक्सचेंज के कार्ड में खराबी आने पर केंद्र के अधिकारियों ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जिस पर टीडीएम एके गुप्ता ने इटावा से इंजीनियरों की टीम औरैया केंद्र पर भेज दी। इंजीनियरों की टीम एक्सचेंज की मशीनों को ठीक करने में जुटी रही।
लेकिन शाम तक संचार सेवा बहाल नहीं हो सकी। इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी हुई। सूत्रों के मुताबिक बीएसएनएल केंद्र पर आपूर्ति जाने और जनरेटर स्टार्ट होने के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगा बैटरी बैकअप पिछले एक साल से कंडम हालत में है। इससे बहुत समस्या हो रही है। इस बावत कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से बैटरियां बदलवाने के लिए कहा जा चुका है। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
औरैया एक्सचेंज पर लगा बैटरी बैकअप की बैटरियों को बदलने के लिए एक साल से लगातार मेरठ कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इसके बावजूद उस पर आज तक कुछ भी नहीं हुआ है। इससे समस्या हो रही है।
एके गुप्ता, टीडीएम औरैया/इटावा