औरैया। जिले में गरीबों के निवाले पर पिछले एक साल से डाका डाले हुए 2900 अपात्रों के राशन कार्डाें को खाद्य विभाग ने निरस्त कर दिया है। हालांकि, अब तक लाखों रुपये का राशन डकारने वालों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, विभागीय अधिकारियों के अनुसार अपात्र मिलने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं है। वहीं, अपात्रों के हटने के बाद अब 3270 नए जरूरतमंदों को सरकारी राशन का लाभ मिलने लगा है।
जिला पूर्ति विभाग की ओर से निशुल्क राशन की योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के भरण - पोषण के लिए राशन मुहैया कराया जाता है। विभाग की ओर से पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाते हैं। कार्ड धारकों को गेहूं, चावल व समय-समय सीजन के अनुसार खाद्य सामग्री का वितरण किया जाता है।
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को सस्ता गैस सिलिंडर व अन्य लाभ भी दिए जाते हैं। यही कारण है कि जिला पूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड बनवाने के लिए लोग पहुंचते हैं। इनकी संख्या प्रतिदिन 30 से 50 के करीब देखने को मिलती है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार एक साल में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के 3270 नए राशन कार्ड बनाए गए हैं। वहीं जांच में गरीबों की सूची में अपात्र पाए गए 2900 कार्ड धारकों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। वर्तमान में जनपद में कुल राशन कार्ड की 268188 है। जबकि इन राशन कार्डों में शामिल कुल लाभार्थियों की संख्या 1048290 है। संवाद
यह मिलता है राशन -
अंत्योदय लाभार्थियों को 35 किलो ग्राम खाद्यान्न ( 17 किलोग्राम गेहूं व 18 किलोग्राम चावल) और पात्र गृहस्थी के लाभार्थियों को प्रति सदस्य (पांच किलो खाद्यान्न, 2.50 किलोग्राम गेहूं और 2.50 किलोग्राम चावल) का निशुल्क वितरण किया जा रहा है, जो मौसम के अनुसार बदलता रहता है।
जांच के बाद अपात्रों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। उनके स्थान पर पात्रों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। अपात्र पाए गए कार्ड धारकों के खिलाफ कार्रवाई करने का कोई प्रावधान नहीं है।
- राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी
-
पात्र गृहस्थी राशन कार्ड - 216682
पात्र गृहस्थी राशन कार्ड के लाभार्थी - 881194
अंत्योदय राशन कार्ड
- 51506
अंत्योदय राशन कार्ड के लाभार्थी - 167096
जनपद में कुल राशन कार्ड - 268188
जनपद में राशन कार्ड के कुल लाभार्थी - 1048290