कन्नौज के ध्यानार्थ...
-कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ मार्ग पर गांव भसोरा पुल के पास हुआ था हादसा
-हादसे में साले की मौत हो गई थी, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे
संवाद न्यूज जऐंसी
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ मार्ग पर गांव भसोरा पुल के पास बुधवार को हुए एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। अनियंत्रित बाइक के पेड़ से टकराने के कारण मध्य प्रदेश में तैनात स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई, जबकि उनके जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जहां एक बेटी की शादी टल दी गई, वहीं दूसरी बेटी का विवाह बेहद सादगी से कराना पड़ा।
कन्नौज जिले स्थित थाना बिशनगढ़ के गांव धीरपुर नगरिया निवासी सर्वेश चंद मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में थे। वह अपने जीजा अमर दयाल के साथ नगला मोहन गांव निवासी उदयवीर की दो बेटियों की शादी में शामिल होने आए थे। उदयवीर की एक बेटी का रिश्ता सर्वेश चंद के भतीजे से और दूसरी का रिश्ता अमर दयाल के भतीजे टीटू से तय हुआ था।
विज्ञापन
घर में उत्सव का माहौल था और बरात के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी बीच बुधवार को भसोरा पुल के पास दोनों की बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में सर्वेश चंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमर दयाल को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
सर्वेश चंद की मौत से परिजन ने उनके भतीजे की बरात न लाने का फैसला किया जिसके बाद शादी स्थगित कर दी गई। वहीं, अमर दयाल के भतीजे टीटू की बरात हादसे की खबर मिलने से पहले ही रवाना हो चुकी थी। ऐसे में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से बिना किसी धूमधाम के घर पर ही सादगी से विवाह की रस्में पूरी कीं और विदाई करा दी गई।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने सर्वेश चंद के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।