यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की हिंदी परीक्षा में जिले में दो
छात्रा समेत छह नकलची नकल करते दबोचे गए। इसके अलावा 6835 परीक्षार्थियों
ने छोड़ दी। कक्ष निरीक्षक एवं सुरक्षा व्यवस्था की कमी से केंद्र
व्यवस्थापक परेशान रहे।
जिले में यूपी बोर्ड 2014-15 की हाईस्कूल व
इंटरमीडिएट की परीक्षा ने जिला प्रशासन की पहले दिन ही पोल खोलकर रख दी।
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल की पहली पाली में हिंदी के पेपर में
सचल दल ने सबसे सहार विकासखंड के राजकीय कन्या इंटर कालेज में चेकिंग की।
यहां से उन्होंने एक छात्र व छात्रा को नकल करते दबोच लिया। इसी प्रकार
आदर्श रामस्नेही इंटर कालेज बिधूना में भी एक छात्र को नकल करते सचल दल ने
पकड़ा। इसके अलावा शाम की पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी प्रश्नपत्र की
परीक्षा में दो छात्र व एक छात्रा को नकल करते पकड़ा गया। यूपी बोर्ड के
पहले दिन की छह नकलची पकड़े जाने से नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराए जाने की
दावे खोखले साबित होते दिखाई दिए।
जब हिंदी के पेपर में जमकर नकल हुई तो
आगे क्या होगा। यह जिला प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती साबित होगा। हाईस्कूल
परीक्षा में 27887 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिनमें से पहले दिन ही 6835
परीक्षार्थियों ने यूपी बोर्ड की परीक्षा से बाय-बाय कर दिया। शहर के गुलाब
सिंह इंटर कालेज में हाईस्कूल में 357 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। कड़ाई को
देखते हुए 70 परीक्षार्थी ने परीक्षा से बाय-बाय कर दिया।
इसी प्रकार
इंटरमीडिएट में 345 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 23 परीक्षार्थियों ने
परीक्षा छोड़ दी। वहीं पहले दिन ही कक्ष निरीक्षक व पुलिस सुरक्षा
व्यवस्था की कमी दिखाई पड़ी।
सहार प्रतिनिधि के अनुसार: कस्बा के इंटर
जनता उचत्तर माध्यमिक विद्यालय इकघरा में हाईस्कूल की परीक्षा में करीब 200
से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा से बाय-बाय कर दिया। वहीं दो
परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 69
पंजीकृत थे। जिनमें से 20 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार तोमर
रघुनाथ सिंह इंटर कालेज अरियारी में 79 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें से एक
छात्र अनुपस्थित रहा।
वहीं हरदयाल सिंह महारानी देवी इंटर कालेज पुरवा तरा
में 81 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 12 अनुपस्थित रहे, सोवरन सिंह
फूलमती इंटर कालेज कुवरपुर में 187 पंजीकृत थे। जिसमें 20 परीक्षर्थी
अनुपस्थित रहे। राजकीय कन्या इंटर कालेज सहार 155 पंजीकृत थे। जिसमें छह
परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
फफूंद प्रतिनिधि के अनुसार: गुरुवार को
प्रारंभ हुई बोर्ड परीक्षा पहले दिन केंद्र व्यवस्थापकों की देख-रेख में
शांतिपूर्वक हुई। वहीं फोर्स के कमी के चलते स्टाफ को परेशानी का सामना
करना पड़ा। गुलजारीलाल बालिका इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक ओम देवी
गुप्ता की देखरेख में परीक्षाएं संपन्न हुई।
हाईस्कूल के हिंदी के पेपर में
कुल 255 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी
प्रकार राधा बल्लभ इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक अवधेश त्रिपाठी की
देख-रेख में परीक्षा संपन्न हुई। जिसमें हाईस्कूल में 267 परीक्षार्थी
पंजीकरण थे। जिसमें 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
एरवाकटरा प्रतिनिधि
के अनुसार: गुरुवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की शुरू हुई बोर्ड परीक्षा
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। वहीं थाना एसआई रामनिवास ने
कालेज के गेट पर लगी भीड़ को कालेज से दूर रखा। राजकीय बालिका इंटर कालेज
एरवाकटरा में हाईस्कूल में 108 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे। जिनमें से 71
अनुपस्थित रहे। तथा इंटरमीडिएट में 68 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी तथा 13
अनुपस्थित रहे। वहीं डा. लोहिया इंटर कालेज में 245 परीक्षार्थी ने परीक्षा
में भाग लिया। जिसमें से 134 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं इंटर मीडिएट
में 124 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 10 अनुपस्थित रहे। गांधी इंटर
कालेज में इंटर में 735 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिसमें से 127 परीक्षार्थी
अनुपस्थित रहे। तथा 2 छात्र व एक छात्रा को नकल करते पकड़ लिया।