औरैया। जिले के युवाओं के लिए अब घर बैठे अपना कौशल विकसित करना और रोजगार के अवसर हासिल करना आसान हो गया है।
प्रदेश सरकार के कौशल विकास विभाग द्वारा शुरू किए गए कौशल दिशा पोर्टल को जिले में भी लागू कर दिया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से युवा ऑनलाइन कोर्स कर सकेंगे और प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें डिजिटल सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
जिले के युवाओं को अब प्रशिक्षण केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप के जरिये वह अपनी सुविधा अनुसार कोर्स कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए कोई शुल्क भी नहीं देना होगा। कोर्स की अवधि 300 से लेकर 1100 घंटे तक होगी, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सकेगा। इसे अपनी सुविधा के अनुसार देखा जा सकेगा।
जिला कौशल विकास विभाग के अनुसार पहले चरण में इस पोर्टल पर दस प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। भविष्य में इसे और भी विस्तार दिया जाएगा। यह पोर्टल upsdm.gov.in पर उपलब्ध है, जहां रजिस्ट्रेशन कर युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
पोर्टल पर आईटी, डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रीशियन, पर्यटन व हॉस्पिटैलिटी, फूड, बेवरेज सर्विस, हेल्थकेयर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एआई डाटा क्वालिटी एनालिस्ट, होम फर्निशिंग, सिलाई मशीन ऑपरेटर आदि का प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है।
युवतियाें के लिए साबित होगा लाभकारी
यह योजना खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की युवतियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से प्रशिक्षण केंद्रों तक नहीं पहुंच पाती थीं। अब वे घर बैठे ही डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
पोर्टल पर पाठ्यक्रम के साथ वीडियो ट्यूटोरियल, अभ्यास सामग्री और मूल्यांकन की सुविधा भी दी गई है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार के लिए विभिन्न कंपनियों से भी जोड़ा जाएगा।
- अतुल सिंह, जिला कौशल विकास अधिकारी