संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। किसानों को उपज का वाजिब दाम मिले इसे लेकर शासन की मंशा है। दो दिन पहले डीएम नेहा प्रकाश के आदेश पर रविवार अवकाश को भी गेहूं की खरीद क्रय केंद्रों पर प्रभावी रखने के लिए कहा गया, लेकिन इसका असर क्रय केंद्र प्रभारियों पर कुछ खास नहीं पड़ा। कुछ क्रय केंद्रों पर रविवार को ताले जड़े मिले तो कुछ पर प्रभारी कागजी लिखा-पढ़ी करते नजर आए। गेहूं खरीद का टोटा रहा। पड़ताल में जिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना सीधे तौर पर नजर आई। हालांकि केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क के लिए निकलने की बात कहते हुए मामले से बचते नजर आए।
-
बैनर नहीं, प्रभारी भी नदारद
सीन-1)
फोटो-21एयूआरपी08- सराय प्रथम स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर जड़ा ताला। संवाद
बिधूना क्षेत्र के सराय प्रथम स्थित बी-पैक्स के गेहूं खरीद केंद्र पर रविवार 11 बजे के करीब ताला जड़ा मिला। सबसे हैरत की बात यह रही कि यहां कोई बैनर नहीं था। महज दीवार पर जानकारी कालिख से अंकित कराई गई है। यहां ग्रामीणों से बातचीत करने पर पता चला कि प्रभारी काफी कम आते हैं। रविवार को आए भी नहीं है। गेहूं खरीद तो दूर की बात है।
नहीं आए किसान, केंद्र पर सन्नाटा
सीन-2)
फोटो-21एयूआरपी09- बिधूना मंडी स्थित खाद्य विभाग के गेहूं खरीद केंद्र पर पसरा सन्नाटा। संवाद
उप मंडी समिति बिधूना में खाद्य विभाग के संचालित गेहूं खरीद केंद्र पर 11:28 बजे तक ताला जड़ा रहा। केंद्र पर प्रभारी से लेकर किसान नदारद रहे। तौल भी नहीं हुई। सन्नाटे का आलम रहा। केंद्र प्रभारी राम नरायण ने बताया कि रूम का गेट बंद करके चाय पीने कस्बा में निकल आए थे। कोई किसान तौल कराने नहीं आया था।
आदेशों के बाद भी केंद्र पर लटका ताला
सीन-3)
फोटो-21एयूआरपी10- रुरुगंज स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर पसरा सन्नाटा। संवाद
बिधूना क्षेत्र के रुरुगंज स्थित साधन सहकारी समिति पर गेहूं खरीद केंद्र बनाया गया है। यहां रविवार को ताला लटका रहा। सन्नाटे के बीच यहां न तो किसान नजर आए और न ही प्रभारी। वहीं केंद्र प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि खरीद को लेकर संपर्क करने ग्रामीण क्षेत्र में गए हुए हैं।
खुला रहा केंद्र, किसान भी पहुंचे
सीन-4)
फोटो-21एयूआरपी11- अजीतमल उपमंडी में फाइलों की पड़ताल करते केंद्र प्रभारी मनोज कुमार। संवाद
अजीतमल उपमंडी में खाद्य विभाग की ओर से गेहूं खरीद केंद्र स्थापित किया गया है। यहां रविवार को केंद्र प्रभारी मनोज कुमार मौजूद रहे। क्षेत्रीय किसानों के पहुंचाने पर प्रभारी ने जानकारी दी।
वर्जन
गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कराया जा रहा है। कुछ केंद्रों पर खरीद चल भी रही है। शासन से जारी हुए निर्देशों के तहत कार्य करने के लिए प्रभारियों को कहा गया है। लापरवाही न हो इसे लेकर केंद्र प्रभारियों को सजग किया गया है।
-बृजेश कुमार, जिला विपणन अधिकारी
-
अमर उजाला की टीम के पहुंचने पर मची खलबली, शाम तक कुछ केंद्रों पर खरीद शुरू
केंद्र प्रभारी सुबह जहां कुछ केंद्रों पर नदारद थे। अमर उजाला की टीम के पहुंचने व मामले को लेकर जिला विपणन अधिकारी बृजेश कुमार से लिए गए वर्जन के बाद केंद्र प्रभारियों में खलबली मच गई। दोपहर तीन बजे बाद बिधूना में खाद्य विभाग के क्रय केंद्र समेत कुछ अन्य केंद्रों पर खरीद शुरू कराई गई। इस दौरान केंद्र प्रभारी कहीं बारदाना लेने तो कहीं किसानों को जागरूक करने किए जाने की बात कहकर केंद्र पर पहुंचने का दावा करते रहे। इसे देखते हुए अधिकारी भी आश्वस्त नजर आए।