शहर के देवकली मंदिर स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में सोमवार को आईजी कानपुर जोन ने जिले के सभी थानेदारों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि काम के प्रति लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाने में आने वाले सभी फरियादियों की शिकायत को थानेदार संवेदनशीलता के साथ सुने और उन्हें न्याय दिलाएं।
बैठक के दौरान आईजी ने कहा कि जिले में भयमुक्त समाज का वातावरण तैयार किया जाए। विभिन्न मुकदमों में लंबित पड़ी विवेचनाओं को जल्द पूरा किया जाए। अन्यथा की स्थिति में संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थानेदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपराधियों की धरपकड़ कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
चौकी इंचार्ज प्रयास करें कि पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिल जाए। उन्होंने जिले में कई मामलों में लंबित पड़ी विवेचनाओं का निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई। सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक से पहले एसपी मनोज तिवारी की उपस्थिति में आईजी कानपुर जोन जकी अहमद को आर्म्स पुलिस ने सलामी दी। इस मौके पर एसपी मनोज तिवारी, एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी सुभाष अत्री समेत जिलेभर के थानेदार मौजूद रहे।