औरैया। जिले के शीतगृहों से आलू की निकासी के लिए 30 नवंबर तक की अंतिम समय सीमा निर्धारित की गई है, लेकिन बाजार में कम भाव होने से किसानों की मुश्किल बढ़ गई है।
किसान शीतगृहों से लागत के मुकाबले उचित कीमत नहीं मिलने और ऊपर से भंडारण शुल्क व किराये का बोझ उठाने के चलतेआलू निकालने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। समय सीमा नजदीक आने के बावजूद निकासी की रफ्तार धीमी है। इसका असर शीतगृह संचालकों पर भी पड़ने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शीतगृहों में आलू के कट्टे बड़ी संख्या में भंडारित हैं। बिधूना क्षेत्र के कुदरकोट स्थित शीतगृह में अभी करीब 40 हजार कट्टे आलू रखे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक कम भाव के चलते प्रतिदिन महज एक-दो किसान ही आलू लेने पहुंच रहे हैं।
आलू निकालने की रफ्तार उम्मीद से कम
शीतगृह में करीब दो लाख पैकेट आलू का भंडारण किया गया है। फिलहाल कुछ किसान अपना बीज व अन्य आलू लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन रफ्तार उम्मीद से कम है। आने वाले दिनों में निकासी की क्या स्थिति बनती है इस बारे में अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। -रविंद्र सिंह, संचालक
आलू सस्ता होने ने नहीं ले रहे रुचि
बाजार में आलू काफी सस्ता होने के कारण किसान इसे उठाने में खास रुचि नहीं ले रहे हैं। किराया और भाव के गणित के बीच किसान असमंजस में हैं। 30 नवंबर तक आगे क्या हालात बनते हैं अभी इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। -रविंद्र बाबू द्विवेदी
वर्जन
आलू कोल्ड स्टोरेज से निकालने के लिए कवायद चल रही है। किसान को कुछ सहायता मिलेगी। एक क्विंटल आलू पर 100 रुपये के भाड़े की मदद किसानों को दी जा रही है। -सुनील तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी