अजीतमल तहसील में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्हाेंने अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ हर लाभार्थी को देने के निर्देश दिए। कहा कि सरकारी योजनाओं से वंचित रहने पर संबंधित विभाग के अधिकारियोें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लोहिया आवास के लाभार्थियों को प्रथम व द्वितीय किस्तों की चैक वितरित की गईं। तहसील दिवस में फरियादियों की अनदेखी होती देख मंडलायुक्त भड़क गए।
मंडलायुक्त मोहम्मद इफ्तेखारुद्दीन ने कहा सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजना समाजवादी पेंशन योजना है। इसका लाभ हर लाभार्थी को दिया जाना है। भदसान निवासी अशोक दुबे कि ग्राम पंचायत भदसान के पीडीएस खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की शिकायत की। मंडलायुक्त ने डीएसओ से जवाब तलब करते हुए फटकार लगाई।
मनोरमा महाविद्यालय के एक दर्जन छात्राें ने विद्यालय में फीस के अतिरिक्त 21000 रुपये वसूलने की शिकायत की। उन्होंने जिलाधिकारी को 15 दिन में रुपये वापस कराने के निर्देश दिए, साथ ही रुपया वापस न किए जाने की दशा में कालेज की मान्यता खत्म करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में मंडलायुक्त मुहम्मद इफ्तेखारुद्दीन व जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने औरैया ब्लाक के वर्ष 2012-13, 13-14 व 2014-15 के चयनित लोहिया ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत 101 लाभार्थियों को चेक वितरित किए। पारिवारिक लाभ योजना के स्वीकृत 16 लाभार्थियों में सात लाभार्थियों, को चेक वितरित की गईं।
तहसील दिवस में आई कुल 118 में छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया । तहसील में एसपी मनोज तिवारी, सीएमओ डा.नरेंद्र कुमार यादव, सीडीओ शिवराज यादव, सीओ अजीतमल रमेश कुमार भारतीय, एसडीएम अजीतमल बृजपाल सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप वर्मा, एक्सईएन विद्युत पंकज शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे ।
औरैया में मंगलवार को तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में 125 शिकायतें आई, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो गया। एएसपी विपुल कुमार व एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतें सुनी।