बिधूना के मूल्यांकन केंद्र पर कापियों में कुछ ऐसे मिले संदेश
- फोटो : amar ujala beuro
मेरे मां-बाप बहुत गरीब हैं। वो मुझे पढ़ाना नहीं चाहते। लेकिन मैं पढ़ना चाहता हूं सर। प्लीज पास कर देना। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में परीक्षार्थियों ने सवालों के जवाब में संदेश लिखे। गणित, विज्ञान और अंग्रेजी की कॉपियों में परीक्षकों को नोटों का लालच दिए जाने के साथ भावनात्मक गुहार भी लिखी मिली।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का जिले में चार केंद्रों पर मूल्यांकन हो रहा है। हाईस्कूल परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं शहर के तिलक इंटर कालेज व जिला पंचायत इंटर कालेज, मुरादगंज में तो इंटरमीडिएट परीक्षा की कापियां वैदिक इंटर कालेज, दिबियापुर और पब्लिक इंटर कालेज, बिधूना में जांची जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को बिधूना के पब्लिक इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर गणित विषय के परीक्षको को मूल्यांकन कार्य के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में सर मुझे नंबर दे दें, अति कृपा होगी, पास कर देना सर, 50 नंबर दे देना, बड़ी मेहरबानी होगी, सर में गरीब हूं, पढ़ना चाहता हूं, पास कर देना आदि भावनात्मक संदेश लिखे हुए देखे गए।
इतना ही नहीं हाईस्कूल परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन काम के दौरान जिला पंचायत इंटर कालेज, मुरादगंज के मूल्यांकन केंद्र पर गणित विषय की परीक्षा की एक उत्तर पुस्तिका में एक सौ रुपये का नोट चस्पा कर परीक्षार्थी ने परीक्षक को पास करने का लालच दिए जाने का मामला निकल कर आया है। मूल्यांकन केंद्रों के उप नियंत्रक प्रमोद कुमार यादव व ओमप्रकाश ओझा की मानें तो बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन काम के दौरान परीक्षार्थियों की यह पुरानी हरकतें हैं। ऐसे प्रलोभन व संदेश परीक्षकों की एकाग्रता को भंग करने के लिए नहीं बल्कि उनके लिए हास्य के विषय मात्र ही हैं।
अर्थशास्त्र विषय का मूल्यांकन पूरा
बिधूना(औरैया)। बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कस्बा के पब्लिक इंटर कालेज में जारी है। अब तक कुल 57977 परीक्षा पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो गया है। नगर के पब्लिक इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रधानाचार्य रामऔतार ओझा की देख-रेख में चल रहा है। उन्हाेंने बताया कि 148659 उत्तर पुस्तिकाओं को भेजा गया था। उन्हाेंने बताया कि आज अर्थशास्त्र विषय का मूल्यांकन पूरा हो गया।