फ्लाईओवर के ऊपरी किनारे पर आई दरार
- फोटो : अमर उजाला
एनएच-टू सिक्सलेन पर साल भर पहले बना ओवरब्रिज दरक रहा है। पिछले माह मिट्टी धसकने से ब्रिज की दीवार की प्लेटे उखड़ गई थी।। जानकारी होने पर एनएचएआई के अधिकारियों और ओरियंटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों ने इसकी मरम्मत कराई और अब बोरियां लगाकर प्लेटों को गिरने से रोका गया है, जबकि पुल ऊपर ज्वाइंट से भी दरक रहा है। मगर इस ओर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है।
कस्बे में प्रतापपुर के पास बने फ्लाईओवर की गुणवत्ता साल भर बाद ही देखने को मिल गई। फ्लाईओवर की दीवार में भरी मिट्टी धसकने से पुल में लगी कई प्लेटें उखड़कर जमीन पर आ गिरी है और दीवार के अंदर भरी मिट्टी भी धसक कर सड़क पर आ गई। खोखले पुल पर वाहन फर्राटा भर रहे थे, तो प्रशासन ने वाहनों का रोका और रूट डाइवर्जन कराया। इसके बाद कार्यदायी संस्था ओरियंटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों ने जायजा लिया और मिट्टी भरवाने की बात कही।
मिट्टी भरवाकर अब प्लेटों के बाहर बोरियों को लगा दिया गया है, जबकि पुल पर ऊपरी किनारे पर अब एक बड़ी दरार आ गयी है। अन्य जगह भी प्लेटों के लॉक खुलने शुरू हो गए हैं। फ्लाईओवर के दरकने की खबर के बावजूद एनएचएआई के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वाहन पुल पर फर्राटा भर रहे है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि पुल की मरम्मत हो तभी यह ठीक हो सकता है वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर फोन नहीं रिसीव हुआ। एसडीएम अमित राठौर ने बताया कि वह कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बात करके पुल को दुरुस्त कराने का प्रयास करेंगे।