संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव भाऊपुर के समीप बेकाबू बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक सवार युवक, उसकी पत्नी व मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी व पुत्र को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया।
कानपुर नगर के थाना नौबस्ता के मोहल्ला संजय गांधी नगर निवासी रामराज सिंह (36) पुत्र जयदेव बुधवार को बाइक से पत्नी रचना (30) व पुत्र नैतिक (पांच) के साथ इटावा से अपने घर कानपुर जा रहे थे। बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक सदर कोतवाली के गांव भाऊपुर के पास पहुंची ही थी कि अचानक से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इससे बाइक सवार रामराज सिंह, उनकी पत्नी रचना व मासूम पुत्र नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को 50 शैय्या जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने रामराज को मृत घोषित कर किया।
वहीं डॉक्टर ने मृतक की पत्नी रचना व पुत्र नैतिक के सिर पर गंभीर चोट लगने के चलते उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दी थी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।