जेसीबी से गड्ढ़ा खोदने के बाद पाइप लाइन से निप्पल निकालते इंजीनियर। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। दिबियापुर-सहायल के बीच भरखा गांव में खेतों से होकर गुजरी अंडर ग्राउंड आईओसीएल की पाइप लाइन को चोरों ने काटकर सैकड़ों लीटर डीजल पार कर लिया।
टूंडला से कानपुर चकेरी तक गई आईओसीएल की अंडरग्राउंड पाइप लाइन काटकर दिबियापुर-सहायल रोड पर स्थित गांव भरखा के पास लोगों ने निप्पल लगाकर डीजल की चोरी की। रविवार को पेट्रोलिंग कर रहे सिक्योरिटी गार्ड ने खेतों में डीजल फैला देखा तो आगरा रिफाइनरी के अधिकारियों को फोन कर सूचना दी। अधिकारियों ने मामला गड़बड़ लगने पर जेसीबी से कई जगह खोदाई भी कराई।
जहां एक गड्ढे में लगभग डेढ़ सौ लीटर डीजल भरा मिला। अधिकारियों ने निप्पल हटाकर पाइप लाइन की सप्लाई बंद कराई। फिर मथुरा रिफाइनरी फोन कर इंजीनियरों की टीम को मरम्मत के लिए बुलाया। सहायल थाना प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि आईओसीएल के सूचना पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। अभी आईओसीएल के अधिकारियों की तरफ से कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आईओसीएल के सीनियर मैनेजर सौरभ सिंह ने कहा कि पाइप लाइन को काटकर उसमें किसी ने निप्पल लगाकर डीजल चोरी करने का काम किया है। फिलहाल कितना डीजल चोरी हुआ है, यह बताना मुश्किल है। इसकी जांच की जाएगी। पूरी घटना को लेकर उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। मथुरा से लाइन ठीक कराने को इंजीनियरों की टीम भी बुलाई गई है।