बिजली के खंभे से टूटा एचटी लाइन का तार।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिहौली के मजरा बिचौली में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से 60 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। घरों में पहुंचे हाई वोल्टेज करंट से दो महिलाएं घायल हो गईं। इन्हें एंबुलेंस से सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से एक महिला को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। वहीं घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से कई घरों में इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। टूटे तार की चपेट में आने से एक भैंस मर गई।
ग्राम बिचौली में बुधवार की रात लगभग नौ बजे के करीब हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। हाई वोल्टेज से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इस एलटी लाइन के पोल से दस उपभोक्ताओं के यहां कनेक्शन हैं। इससे इनके घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में कूलर के पास लेटी शांति देवी (70) पत्नी विजय बहादुर आ गईं। जोरदार झटका लगने से यह दूर जा गिरीं। शांति देवी को बचाने पहुंची नातिन जाह्नवी पुत्री श्रीनारायण करंट की चपेट में आने से मामूली झुलस गई। कूलर जल गया। कमला देवी पत्नी किशन कुमार तारों से निकलती चिंगारियां देखकर स्विच बंद करने लगीं। इन्हें भी करंट लग गया।
गांव की ही अनुवा कूलर को जलते देख स्विच बंद करने लगीं। यह भी करंट की चपेट में आ गईं। इससे यह भी झुलस गईं। शांति देवी व कमला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शांती देवी को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। कमला देवी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस दौरान खंभे से टूटे तार की चपेट में आने से अखिलेश राठौर पुत्र मोहन सिंह की 80 हजार रुपये की कीमत की भैंस जलकर मर गई। शैलेंद्र कुमार सिंह का सबमर्सिबल, टीवी, कुसुमा देवी पत्नी बाबूराम का कूलर, फ्रिज, टीवी, बाबूराम प्रजापति का स्टेबलाइजर, राघवेंद्र गौतम के घर में लगा कूलर, गया प्रसाद, रतन सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह के घरों में लगे टीवी, टेबिल फैन आदि जल गए। गांव में करंट फैलने से अफरा तफरी का माहौल रहा। इसी दौरान किसी ने फोन से बिजली केंद्र आनेपुर को सूचना दी। यहां से तत्काल बिजली आपूर्ति बंद की गई।