डिवाइडर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से लौटते समय बुधवार की रात मैनपुरी के व्यापारी की कार कस्बे के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले घरों से बाहर निकल आए। इन्होंने कार से घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीएचसी में डाक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल तीन लोगों को सैफई रेफर किया गया है।
मैनपुरी जिले के किशनी थानाक्षेत्र के अंतर्गत गांव कुसमरा निवासी व्यापारी अमित कुमार गुप्ता(32) पुत्र हरिशचंद्र गुप्ता अपने भाई राजू गुप्ता(43) पुत्र हरिशचंद्र गुप्ता व भतीजी मोनिका गुप्ता(20) पुत्री राजू गुप्ता के साथ कानपुर से लौट रहे थे। मोनिका कानपुर में आईएएस की कोचिंग कर रही है। बुधवार को यह लोग उसे लेने के लिए गए थे। कार को चालक रिंकू यादव चला रहा था। नगर के बेला-बिधूना मार्ग पर कमलपुर नहर के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार में सवार अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। राजू, रिंकू व मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने इन्हें सैफई रेफर कर दिया। अमित की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।