विकास कुंज कालोनी स्थित एक घर में शार्ट सर्किट से लगी आग से हड़कंप मच गया। आननफानन आसपास के कई घरों से सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाई गई। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
मूल रूप से भर्थना निवासी संजीव पोरवाल पुत्र राजेंद्र प्रकाश का विकास कुंज आवासीय कालोनी में मकान है। शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे अचानक शार्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लग गई, जब तक परिवारीजन कुछ समझ पाते, लपटें तेज उठने लगीं। परिजनों ने चिल्लाना शुरू कर दिया।
आसपास के घरों में लगे सबमर्सिबल पंपों से आग बुझाने के प्रयास किए जाने लगे। इस बीच पुलिस कंट्रोल रूम एवं फायर ब्रिगेड के लिए सूचना दी गई। दिबियापुर थाने के एसआई सुरजीत सिंह एवं पान सिंह ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। आग से हजारों रुपये के सामान की क्षति हुई है।