फोटो-31- अस्पताल का निरीक्षण करते डिप्टी सीएमओ व अधीक्षक। स्रोत: परिजन
बिधूना। बेला रोड स्थित कीरतपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल पर एक महिला के पुत्र ने गलत ऑपरेशन का आरोप लगाते हुए डीएम व सीएमओ को शिकायती पत्र दिया है।
इस पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल की ओटी सील कर मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित अनिल कुमार का आरोप है कि मां शांति देवी की पित्त की थैली में गांठ थी। कानपुर व इटावा में इलाज कराया, लेकिन ऑपरेशन असंभव बताया गया। एक परिचित के कहने पर उन्होंने मरीज को चीनू हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां उनका ऑपरेशन कर पित्त की थैली से गांठ नहीं निकाली, सिर्फ टांके लगा दिए गए, इससे रोगी की हालत बिगड़ गई।
शिकायत मिलने पर डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार तथा सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने अस्पताल का निरीक्षण कर ओटी सीज कर दी। उन्होंने बताया कि जांच में ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर के बयान, दवाओं के पर्चे व अन्य दस्तावेज लिए जाएंगे। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मामले की जांच जिला स्वास्थ्य अधिकारी कर रहे हैं।
वहीं, अस्पताल संचालक डॉ. नफीस ने आरोपों को इन्कार करते हुए कहा कि ऑपरेशन सर्जन ने किया है। आरोप मनगढ़ंत हैं, इसकी निष्पक्ष जांच होने चाहिए।