बिधूना में प्रस्तावित नेत्र चिकित्सालय निर्माण के शिलान्यास की संभावनाओं को लेकर आए मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. विकास सेठी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दौरान टीकाकरण केबिन बंद मिलने तथा ड्यूटी से गायब बेसिक हेल्थ वर्कर व ड्यूटी टाइम पर प्राइवेट प्रेक्टिस करने की शिकायत पर ओएसडी ने नाराजगी जताई। वहीं सीएमओ को जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ को लेकर उन्हें मेल करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में प्लास्टर कक्ष, एपैडमिक वार्ड, दवा वितरण कक्ष आदि के निरीक्षण दौरान गंदगी देख ओएसडी डा. सेठी ने सीएमएस डा. नवीन चंद्र मिश्रा को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वहीं जिला अस्पताल के टीकाकरण केबिन को ओपीडी समय से 15 मिनट पहले बंद देख ओएसडी ने साथ आए स्टेनो आशीष यादव को नाम नोट करने के निर्देश दिए। महिला चिकित्सक कक्ष में पहुंचे ओएसडी को चिकित्सक डा. सीमा गुप्ता को बिना ऐप्रिन (ड्रैस कोड) में देख ड्रेस में ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एड्स नियंत्रण परामर्श कक्ष में परामर्शदात्रा से ओएसडी एड्स नियंत्रण से संबंधित सवाल-जवाब किए। जननी सुरक्षा योजना कक्ष में महिला कर्मी ओएसडी को एमएमआर यानि मातृ मृत्यु दर की परिभाषा नहीं बता सकी। डिलीवरी वार्ड में ओएसडी ने महिलाओं से जलपान व खाना वितरण की जानकारी ली।
दवा स्टोर और अस्पताल की ओटी की व्यवस्था देख ओएसडी ने स्टोर प्रभारी सत्यपाल कटियार व विष्णु दीक्षित के कार्यों की प्रशंसा की। बाद इसके ओएसडी डा. सेठी ने ओपीडी का जायजा लिया। वार्ड में पीड़ित बच्ची को ओएसडी ने बाहर की दवा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ओएसडी ने चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में चिकित्सकों की कमी के सवाल पर उन्होंने सीएमओ डा. नरेंद्र कुमार सिंह यादव से जनपद में स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों से संबंधित सूचनाएं स्टेनो को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ओएसडी ने सीएमओ डा. यादव को ओपीडी समय पर प्राइवेट प्रेक्टिस करने की शिकायत पर जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. अरुण तिवारी और उक्त बीएचडब्ल्यू से संबंधित मेल करने के निर्देश दिए।
आईसीयू में नहीं मिली टार्च- जिला अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं को देख तल्ख दिखे मुख्यमंत्री के ओएसडी डा. विकास सेठी ने आईसीयू वार्ड में इलाज करा रहे रोगियों और उनके तीमारदारों से उपचार को लेकर पूछताछ की।
वहीं आईसीयू सिर में गंभीर चोट लगने के कारण भर्ती मरीज को स्वयं देखने को ओएसडी ने टार्च मांगी तो आईसीयू उपकरण के नाम पर टार्च भी नहीं मिली।
मुख्यमंत्री को सौपेंगे रिपोर्ट- बिधूना में प्रस्तावित 50 बेड वाले नेत्र चिकित्सालय निर्माण की संभावनाओं को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री के ओएसडी स्वास्थ्य डा. विकास सेठी ने दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने प्रस्तावित नेत्र चिकित्सालय निर्माण को शिलान्यास की संभावनाएं टटोली। ओएसडी हेल्थ मुख्यमंत्री को अपने दौरे की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कस्बा बिधूना में 50 बेड वाले नेत्र चिकित्सालय का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। चिकित्सालय निर्माण के शिलान्यास की संभावनाओं को टटोलने आए सीएम के ओएसडी स्वास्थ्य डा. विकास सेठी ने नेत्र चिकित्सालय निर्माण को चयनित की गई भूमि का जायजा लिया।
इस मौके पर सीएमओ डा.नरेंद्र सिंह, सीएचसी अधीक्षक डा.वीपी शाक्य मौजूद थे।