बिधूना। नगर में संचालित निजी अस्पताल व नर्सिंग होम में बायोमेडिकल वेस्ट खुले में फेंकने की लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की थी। इसपर शनिवार को सीएमओ ने टीम के साथ दो प्राइवेट अस्पतालों में छापा मारा। टीम ने बिना पंजीकरण के संचालित अस्पताल को सील कर दिया है जबकि मानक पूरे न होने पर दूसरे को नोटिस दिया है।
सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश सचान, डॉ. मनोज सिंह व बिधूना सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने भरथना रोड स्थित सत्यवती हॉस्पिटल में छापा मारा। टीम को अस्पताल में तीन मरीज भर्ती मिले। इनमें से दो गर्भवतियों का ऑपरेशन से प्रसव करवाया गया था मगर उनकी देखरेख के लिए कोई भी सर्जन या डॉक्टर मौजूद नहीं था।
जानकारी करने पर स्टाफ सर्जन का नाम भी नहीं बता सका। स्टाफ की ओर से दिखाए गए दस्तावेजों में बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण का अनुबंध पुराना मिला। अधिकारियों ने अस्पताल में नए मरीज भर्ती न किए जाने के निर्देश देने के साथ संचालक को नोटिस दिया है। इसके बाद टीम ने द केयर हॉस्पिटल की जांच की। इसमें उन्हें अस्पताल में स्टाफ तो मिला मगर कोई भी मरीज भर्ती नहीं मिला। जांच में अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित कागजात न दिखा पाने पर अस्पताल सील कर दिया गया।
साथ ही संचालक को एक सप्ताह में कागज दिखाने का नोटिस दिया गया। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लोगों ने कई बार फोन कर निजी अस्पताल में अनदेखी करने व बायोमेडिक कचरा खुले में फेंकने की शिकायत की थी। इस पर शनिवार को अस्पतालों की जांच की गई। पंजीकरण संबंधी कागजात न मिलने पर द केयर हॉस्पिटल को सीज कर दिया गया है। सत्यवती हॉस्पिटल में खामियां मिलने पर नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अनुकूल जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।