औरैया। इस बार 25 मार्च सोमवार को रंगोत्सव का पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले रविवार को होलिका दहन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां कर लीं हैं। जिले भर में 17 सौ स्थानों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों की मजिस्ट्रेट लेबल पर ड्यूटी लगाई गई है।
जिले भर में होलिका दहन को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। होलिका दहन के लिए 17 सौ से अधिक स्थानों के लिए जहां संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम व सीओ को शांति व्यवस्था कायम करने की जिम्मेदारी दी गई है। तो वहीं सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा सूत्रों के अनुसार संवेदनशील व अति संवेदनशील चिंहित स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी की जाएगी। फिलहाल जिले के फफूंद, अयाना, सहार, कसबा खानपुर और अजीतमल में लगभग 15 स्थानों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। वहीं लगभग 45 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर 25 निरीक्षक, 70 दरोगा के अलावा लगभग साढे़ चार सौ महिला व पुरुष सिपाही ड्यूटी पर रहेंगे।
रंगोत्सव के दौरान पालिका से होगी पर्याप्त पेयजलापूर्ति
औरैया। होली खेलने के दिन 25 मार्च को नगर पालिका परिषद की ओर से पेयजलापूर्ति को लेकर पूरे इंतजाम किए गए हैं। जलकल विभाग के जिम्मेदार रामआसरे गुप्त ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे से नलकूपों से सीधी आपूर्ति खोल दी जाएगी। यह आपूर्ति सुबह 10 बजे तक जारी रहेगी। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे से टंकी से पानी आपूर्ति दी जाएगी। जो लगभग एक से डेढ़ घंटे तक चलेगी। इस बीच लोगों को पर्याप्त पानी मिल जाएगा। इसके बाद शाम को पांच बजे फिर से नलकूपों से सीधी आपूर्ति दी जाएगी। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि पालिका परिक्षेत्र में होली के दिन पर्याप्त पानी आपूर्ति के इंतजाम हैं। किसी भी प्रकार की पानी संबंधी कोई दिक्कत नहीं होगी। समस्या आने पर - 8439472150
अग्नि संबंधी समस्या से निपटने को फायर ब्रिगेड ने कमर कसी, सूचना को जारी किए नंबर
होली पर्व को लेकर जिले की तीनों तहसीलों में स्थापित फायर ब्रिगेड पूरी तरह से सतर्क रहेगा। सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया होली पर्व के मद्देनजर तीनों तहसीलों में तैनात फायर कर्मचारियों को पूरी तैयारी के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी सूचना पर समय रहते फायर टीम तत्काल पहुंचकर जो भी समस्या होगी उससे निपट सकेंगी। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अग्निकांड की किसी भी घटना पर फायर केंद्र के नंबर 9454418417, 9454418418 इसके अलावा डायल 112 नंबर पर भी सूचना दे सकते हैं।
-
जिले भर में रहेगी निर्बाध बिजली आपूर्ति
जिले भर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। होली के दिन भी निर्बाध आपूर्ति रखने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर होलिका दहन के स्थानों पर जिम्मेदार लोगों से अपील है कि जिन स्थानों पर होलिका दहन होना है। वहां इस बात का ध्यान रखें कि होलिका दहन के ऊपर से कोई बिजली की किसी भी प्रकार की केबल तार आदि न निकले हों। यदि ऐसा हो तो वहां से थोड़ा हटाकर होलिका दहन करें। जिससे किसी भी प्रकार की कोई समस्या न उत्पन्न हो। बिजली संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संंबंधित क्षेत्र के जेई व एसडीओ के नंबर पर फोन करके सूचना दें। इसके अलावा कंट्रोल रूम के नंबर - 7037941635 पर जल्द से जल्द समस्या को दूर कराया जाएगा। बृज मोहन, अधीक्षण अभियंता, औरैया।