फोटो-17-बाजार में बिक रहे रंगों वाले पटाखे। संवाद
फोटो-18-आकर्षण का केंद्र बनी स्पिनर पिचकारी। संवाद
फोटो-19-उत्कर्ष।
फोटो-20-ब्रजकिशोर।
- गुलाल उड़ाने के समय से हिसाब से है कीमत, स्पिनर पिचकारी भी ट्रेंड में
औरैया। इस बार जनपद में होली का बाजार दिवाली जैसी रौनक से सराबोर नजर आ रहा है। पारंपरिक गुलाल और पिचकारियों के साथ-साथ रंगों वाले विशेष पटाखे और नए डिजाइन की पिचकारियां लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। खासतौर पर युवाओं और बच्चों में इन नए उत्पादों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
बाजार में इस समय ऐसे रंगीन पटाखे उपलब्ध हैं, जो जलाने पर कई मिनट तक हवा में गुलाल फैलाते हैं। दुकानदारों के मुताबिक, पांच मिनट तक गुलाल उड़ाने वाले पटाखे 150 रुपये में पांच के पैक में मिल रहे हैं, यानी करीब 30 रुपये प्रति पीस। वहीं, करीब बीस मिनट तक लगातार रंग फैलाने वाले पटाखे 200 रुपये में चार के पैक में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत लगभग 50 रुपये प्रति पीस पड़ रही है। इन पटाखों की खासियत यह है कि इन्हें जलाते ही आसपास रंगों का बादल सा छा जाता है, जिससे होली का माहौल और भी रंगीन हो उठता है। शाम के समय इनका उपयोग करने पर दृश्य और भी आकर्षक बन जाता है।
गुलाल सिलिंडर और स्पिनर पिचकारी बनी आकर्षण
सिर्फ पटाखे ही नहीं, बल्कि गुलाल सिलिंडर भी बाजार में धूम मचा रहे हैं। इन्हें चलाने पर तेज दबाव से रंगों की फुहार निकलती है, जो कुछ सेकंड में पूरे वातावरण को रंगीन कर देती है। वहीं, स्पिनर पिचकारी भी इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसे चलाने पर यह गोल-गोल घूमते हुए चारों ओर रंग बरसाती है। बच्चों से लेकर युवाओं तक में इसकी खास मांग है। इसकी कीमत लगभग 500 रुपये तक है, लेकिन इसके बावजूद खरीदारी में कमी नहीं दिख रही।
यह कहना है व्यापारियों कारंगों वाले पटाखे लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं। नई वैरायटी की पिचकारियां भी लोग बच्चों को दिला रहे हैं। इस बार बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है।
- उत्कर्ष, दुकानदार
इस बार होली पर नए आइटमों की वजह से बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। लोग परंपरागत रंगों के साथ कुछ नया और आकर्षक आजमाना चाहते हैं।
- ब्रजकिशोर, व्यापारी