अटसू (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलावा में एक कंटेनर के केबिन के अंदर हेल्पर का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए।
कानपुर देहात स्थित थाना रूरा के सरगांव निवासी विनोद (55) हेल्पर थे। वह कोतवाली के गांव बिलावा निवासी चालक अंकुर के साथ ट्रक में चलते थे। चालक अंकुर ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम कंटेनर लेकर अपने गांव बिलावा आया था। देर रात अचानक हेल्पर विनोद के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद चालक उसे पास के ही एक निजी चिकित्सक के पास ले गया। डॉक्टर से दवा दिलाने के बाद उसने विनोद को आराम करने के लिए कंटेनर के केबिन में ही छोड़ दिया और खुद अपने घर सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक जब विनोद ट्रक से बाहर नहीं निकला तो चालक को चिंता हुई। वह जब ट्रक के केबिन के पास पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। विनोद अंदर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच कर ग्रामीणों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में बीमारी से मौत प्रतीत हो रही है। परिजन को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।