औरैया/बिधूना। मौसम के आए बदलाव के बाद शहर को छोड़कर ग्रामीण अंचलों में हवा के संग शनिवार रात को झमाझम बारिश हुई। वहीं, रविवार को दिन भर रिमझिम फुहारें गिरती रहीं।
आसमान में घने काले बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट आंकी गई। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 24 घंटे में 42.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कई जगह जलभराव भी हुआ।
शनिवार रात को जनपद में औरैया शहर को छोड़कर बिधूना, रुरुगंज, कुदरकोट समेत अन्य ग्रामीण अंचलों में झमाझम बारिश हुई। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश से प्रमुख मार्गों समेत गलियों में जलभराव हो गया, हालांकि बारिश थमने के कुछ घंटे बाद गलियों में भरा पानी रिसकर नालों के जरिए निकल गया।
रविवार भोर बारिश थमने के बाद रिमझिम बौछारें पड़ने का दौर शुरू हुआ, जो दोपहर बाद तक चलता रहा। इससे प्रमुख सड़कों समेत बाजारों में कम भीड़ रही। बाजार में दुकानदारी भी फीकी रही। वहीं, उमस में काफी कमी आई। मौसम विभाग के डॉ. रामपलट सिंह के अनुसार शनिवार से रविवार दोपहर तीन बजे तक जनपद में कुल 42.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
रविवार का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हवा की गति 11 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। अगले 24 से 48 घंटों तक और बारिश की संभावना बनी हुई है, हालांकि, मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना है।