अजीतमल (औरैया)। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए टीमें बनाकर गांव-गांव जाकर लोगों का सर्वे करना शुरू कर दिया है। किसी में भी कोरोना के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसकी रिपोर्ट सीएचसी पर देंगी। इसके बाद उनकी सैंपलिंग कराई जाएगी। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग की 66 टीमें जुटी हैं।
गांवों में अभी भी लोग गैर जनपदों व गैर प्रांतों से आ रहे हैं। इनमें से कुछ लोग बिना स्क्रीनिंग कराए घरों में रह रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी गांवों में घर-घर जाकर लोगों के नाम समेत अन्य जानकारियों जुटाएंगी। साथ ही लोगों की स्क्रीनिंग होगी, इसके अलावा खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण वालों के बारे में जानकारी की जाएगी।
ग्रामीणों में कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलने पर सीएचसी पर इसकी जानकारी दी जाएगी। लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने व मास्क के फायदे बताकर जागरूक किया जा रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि गांव-गांव घर-घर सर्वे कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की 66 टीमें लोगों के परिवारों का विवरण एकत्र कर उनकी जांच कर रही हैं। स्क्रीनिंग के बाद टीमें प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट सीएचसी पर देती हैं। अगर किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे दिबियापुर कोविड अस्पताल में क्वारंटाइन किया जाएगा।