औरैया। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को सहार ब्लॉक में एक बालिका समेत दो में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब तक जिले में 205 डेंगू के मरीज मिल चुके है। वहीं मंगलवार को तीन गांवों में पहुंचीं टीमों ने 167 बुखार के मरीजों का उपचार किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण बीमारी का कारण गंदगी बता रहे हैं, इसके बाद भी गांव में सफाई नहीं कराई जा रही है। जिसके कारण मच्छरों का प्रकोप और लार्वा कम नहीं हो रहा है। लगातार डेंगू के मरीज मिलने से लोग डरे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को राजकीय मेडिकल कालेज कन्नौज से दो सैंपलों की रिपोर्ट आई। जिसमें डेंगू की पुष्टि की गई है। सहार ब्लाक के याकूबपुर में 22 वर्षीय युवती और बहादुरपुर हरवंशपुर में आठ वर्षीय बालिका कन्नौज मेडिकल कालेज में भर्ती हैं।
जिनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बीमारियों से ग्रसित मरीजों वाले चार गांवों याकूबपुर, भैसोल, बहादुरपुर आदि में स्वास्थ्य टीमें गईं थीं। जहां 240 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। बुखार से पीड़ित 167 मरीजों का उपचार कर उन्हें निशुल्क दवाएं दीं गईं। यही नहीं टीमों ने बीमारियों से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया। घर-घर जाकर चलाए गए अभियान के दौरान अब तक बुखार के 21 हजार 617 मरीज मिल चुके हैं।