औरैया। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला। इनमें ज्यादातर मरीज खुजली और दस्त से पीड़ित रहे। चिकित्सकों की संख्या कम होने से मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
सरकारी अस्पतालों में ओपीडी शुरू हो गई है। सोमवार को 50 शय्या जिला संयुक्त अस्पताल में मरीजों की भीड़ में इजाफा देखने को मिला। पर्ची काउंटर के कर्मचारी ने बताया कि सोमवार को 346 नए पर्चे बनाए गए हैं, जबकि लगभग 35 पर्चे पुराने रहे। चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि अधिकतर मरीज दस्त, उल्टी के साथ ही खुजली की समस्या से परेशान हैं। बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या 15 रही। उन्होंने बताया कि मौसम बदलने के साथ गर्मी अधिक होने के कारण इस तरह की परेशानी हो रही है। ऐसे मौसम में लोगों को खानपान में सावधानी और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी वंदना कुशवाहा ने बताया कि 11 बजे अस्पताल में पुत्र कृष्णा को दिखाने आईं थीं। मरीजों की अधिक भीड़ के चलते काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
गांव रौतियापुर निवासी संजना चतुर्वेदी ने बताया कि तीन दिनों से पतले दस्त हो रहे हैं। पेट में दिक्कत के चलते अस्पताल आना पड़ा है। भीड़ होने के कारण काफी देर इंतजार करना पड़ा।
सीएमएस ने 50 से अधिक मरीज देखे
सीएमएस डॉ. पीके कटियार ने स्वयं भी लगभग 50 से अधिक मरीज देखे। उन्होंने बताया कि ओपीडी खुलने से मरीजों को राहत मिली है। हालांकि मरीजों को एहतियात बरतने के लिए जागरूक किया गया।