औरैया। मौसम के बदलाव के साथ बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में इन दिनों सर्दी, खांसी व जुकाम के साथ चर्म रोग के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग रही है। यहां आने वाले मरीजों में 20 फीसदी से ज्यादा सर्दी, खांसी व जुकाम के मरीज हैं।
50 शय्या जिला अस्पताल में सामान्य ओपीडी की शुरूआत होते ही मरीजों की भीड़ होने लगी है। अस्पताल की ओपीडी में शहरी व ग्रामीण इलाकों से रोजाना लगभग 300 से अधिक मरीज इलाज कराने आ रहे हैं। लेकिन मौसम सर्द होते ही अस्पताल में अधिकतर सर्दी, खांसी, जुकाम व बुखार के साथ चर्म रोग के मरीज बढ़ने लगे हैं। संयुक्त जिला अस्पताल के डॉ. तेज प्रकाश मिश्रा बताते हैं कि मौसम में हो रहे बदलाव व बढ़ती ठंड का सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ओपीडी में अधिकतर मरीज सर्दी, खांसी व जुकाम के साथ सिर दर्द व बुखार के मरीज इलाज कराने के लिए आ रहे हैं।
सीएमएस डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में बुजुर्ग व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सर्दी के मौसम में जोड़ों के दर्द, सांस की बीमारी के मरीजों को दिक्कतें बढ़ने की आशंका रहती है। साथ ही नवजात शिशुओं को सर्दी लगने की आशंका रहती है। घर से बाहर निकलने से पहले फुल आस्तीन के कपड़ों के साथ गर्म कपड़े पहनना जरूरी है।