मुरादगंज (औरैया)। कर्मचारियों की तैनाती न होने से जगतपुर में बना स्वास्थ्य उपकेंद्र बेमकसद साबित हो रहा है। हाल यह है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र की बिल्डिंग में ताला लटकता रहता है। साफ सफाई के अभाव में उपकेंद्र में रखे फर्नीचर व अन्य सामान खराब हो रहे हैं।
क्षेत्र के जगतपुर, चंदनापुर, तुर्कीपुर, भगवानदास, सेगनपुट्ठा, मुरादगंज, किशनपुर व महासुखपुरवा के लोगों को चिकित्सा संबंधी सहूलियतें मुहैया कराने के लिए जगतपुर में लाखों की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कराया गया।
यहां सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को क्लिनिक संचालित किया जाना था। उपकेंद्र पर स्टाफ की तैनाती नहीं होने से लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एक ही नर्स की तैनाती है। जिन्हें सभी गांवों में टीकाकरण भी करना होता है। सपोर्ट स्टाफ न होने के कारण उपकेंद्र का खोलना संभव नहीं हो पा रहा है।